राष्ट्रीय

बिहार में 67 IAS-IPS अधिकारियों का तबादला, लिपि सिंह बनीं सहरसा की एसपी

बिहार सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया है। देर रात कई जिले और क्षेत्रों के आईएएस और आईपीएस अधिकारी बदल दिए गए। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से इसकी अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। विधानसभा चुनाव के लगभग डेढ़ महीने बाद यह बड़ा फैसला किया गया है। साल के आखिरी दिन किए गए इस बदलाव में 13 साल से गृह सचिव रहे सीनियर आईएएस अधिकारी आमिर सुबहानी को अब सामान्य प्रशासन से हटा दिया गया है। चंचल कुमार को सामान्य प्रशासन विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। 38 आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया गया है जिनमें एक दर्जन से भी ज्यादा जिलों के एसपी बदले हैं।
तबादलों की बात करें तो चंद्रशेखर सिंह को पटना का डीएम बनाया गया है जबकि अवनीश कुमार सिंह को जमुई के डीएम के तौर पर भेजा गया है। प्रणब कुमार मुजफ्फरपुर के डीएम बने हैं। जे प्रदर्शनी अरवल डीएम बने हैं, सज्जन आर को शिवहर का डीएम बनाया गया है। श्याम बिहारी मीणा को मधेपुरा का, डीएम सुब्रत कुमार सेन जो अब तक सारण में थे उन्हें भागलपुर भेजा गया है। नवदीप शुक्ला को कैमूर का डीएम बनाया गया है। वहीं, नवल किशोर चौधरी गोपालगंज के डीएम बने हैं। धर्मेंद्र कुमार को सासाराम का डीएम बनाया गया है। अमित कुमार को मधुबनी की जिम्मेदारी दी गई है। डी निलेश रामचंद्र को सारण का डीएम बनाया गया है। पंकज दीक्षित को तकनीकी निदेशक उद्योग विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। रवि शंकर चौधरी को अपर सचिव स्वास्थ्य विभाग बनाया गया है जबकि वर्षा सिंह को वन विभाग में संयुक्त सचिव बनाया गया है। नीतीश कुमार के सबसे भरोसेमंद तेजतर्रार आईपीएस अधिकारी मनु महाराज को अब सारण का डीआईजी बनाया गया है। शफीउल हक को मुंगेर का डीआईजी बनाया गया है। रंजीत मिश्रा को कार्मिक विभाग में डीआईजी बनाया गया है जबकि सुरेश प्रसाद चौधरी को पूर्णिया का आईजी बनाया गया है।
कई जिलों के एसपी को बदला गया है जिनमें संजय भारती को शिवहर की कमान दी गई है। लिपि सिंह को सहरसा का एसपी बनाया गया है। दयाशंकर को पूर्णिया की जिम्मेदारी दी गई है। संतोष कुमार को सारण का एसपी बनाया गया है। कार्तिकेय शर्मा को शेखपुरा का एसपी बनाया गया है। सुशांत कुमार सरोज को भागलपुर एसपी के तौर पर तैनात किया गया है। आनंद कुमार को गोपालगंज भेजा गया है। अजीत कुमार को गया का पुलिस कप्तान बनाया गया है, वहीं राजेश कुमार कैमूर के एसपी के तौर पर तैनात होंगे। आशीष भारती रोहतास में एसपी बने हैं, हरिप्रसाद एस को नालंदा की जिम्मेदारी दी गई है जबकि सारण की कमान संभाल रही धुरत सियाली को नवादा का एसपी बनाया गया है। सबसे खास बात यह है कि लिपि सिंह को सहरसा का एसपी बनाया गया है। लिपि सिंह तेजतर्रार आईपीएस अधिकारी के तौर पर पहचान बना चुकी हैं। लेकिन उस समय चर्चा में आ गई थी जब दुर्गा पूजा विसर्जन के दौरान उनपर गोली चलवाने के आरोप लगे थे। चुनाव आयोग ने उन्हें मुंगेर के एसपी पद से हटा दिया था। आपको यह भी बता दे की लिपि सिंह नीतीश कुमार के सबसे भरोसेमंद और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष, राज्य सभा सांसद आरसीपी सिंह की बेटी है।

Related Articles

Close